अपनी मांगों को लेकर भोपाल में जुटे सफाईकर्मियों ने जहांगीराबाद चौराहे पर जाम लगा दिया है। उनका कहना है कि सुबह से धरने पर बैठे रहे, लेकिन कोई ज्ञापन तक लेने नहीं आया। इससे नाराज होकर उन्होंने चक्काजाम शुरू कर दिया।
सुबह 9 बजे से उन्होंने धरना प्रदर्शन किया। शाम 4 बजे तक उन्होंने मांगों को पूरा करने की बात कही। इस दौरान वे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकार ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। इससे नाराज सफाईकर्मियों ने मुख्यमंत्री निवास घेरने की रणनीति बनाई।
जहांगीराबाद चौराहे पर करीब दो घंटे तक वे सड़क पर बैठे रहे और अफसरों की समझाइश के बाद हटे।
पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रोका, लेकिन नहीं माने
शाहजहांनी पार्क के रास्ते पर पुलिस ने बेरिडिंग कर दी थी। ताकि, सफाईकर्मी आगे नहीं बढ़े। इस बेरिकेडिंग को हटाकर सफाईकर्मी बाहर निकले और तलैया थाने के सामने से होते हुए जहांगीराबाद चौराहे पर पहुंच गए। यहां पुलिस ने दोनों तरफ बेरिकेडिंग करके उन्हें रोक दिया।
इसके बाद वे जमीन पर बैठ गए। इस प्रदर्शन में राजधानी समेत अन्य जिलों से भी सफाईकर्मी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो 4 नवंबर से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
हमारी मांगें जायज, तुरंत निराकरण हो
प्रदर्शन अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के बैनर तले हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि इस प्रदेशव्यापी आंदोलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारी वर्गों के शामिल हैं।
वेतन बढ़ाने, स्थायी करने समेत अन्य मांगें हैं। लंबे समय से इन मांगों को पूरा करने के लिए प्रदर्शन हो रहे थे, लेकिन सरकार ने स्थायी समाधान नहीं किया। इसलिए अब आर-पार की लड़ाई होगी।
जाम से ट्रैफिक डायवर्ट किया, लोग परेशान
जहांगीराबाद चौराहे पर लगे जाम की वजह से पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। इससे लोग परेशान हो रहे हैं। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने, पुराने शहर समेत कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई।
सकारात्मक निर्णय हुआ तो ठीक, वरना हड़ताल
प्रदेशाध्यक्ष झांझोट ने कहा कि मंगलवार को शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन किया, लेकिन अब तक कोई सराकात्मक निर्णय नहीं हुआ है। इसके चलते कल से सभी निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी जारी की गई है।
कचरा गाड़ियों से अनाउंसमेंट
प्रदर्शन का सोमवार को सरकारी कचरा गाड़ियों के जरिए अनाउंसमेंट किया गया। इसकी शिकायत निगम अधिकारियों तक पहुंची है। बताया जा रहा है कि हड़ताल कर्मचारी की यूनियन कर रही है। जिसका प्रचार कचरा गाड़ियों पर लगे लाउड स्पीकर से नहीं किया जा सकता।