सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी में एएसपी और पुलिसकर्मियों का धमकाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। एएसपी दीपक मिश्रा एक कपल को गांजा रखकर फंसाने की धमकी दे रहे थे। मामला सामने आने के बाद सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। एएसपी समेत छह पुलिसकर्मियों को सिवनी में सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही जांच के निर्देश दिए हैं।
एएसपी समेत छह को सस्पेंड किया गया
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण दिख रहा है। इसके बाद एएसपी, एडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
अनुशासन है जरूरी
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये था पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला सिवनी जिले के सिद्धार्थ होटल का है। 75 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस की टीम होटल पहुंचती है और वहां मौजूद एक बालिग कपल को डराने लगती है। साथ ही लड़के के बैग में गांजा रखकर एएसपी खुद ही फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
सीसीटीवी में सब कुछ रिकॉर्ड
इसे लेकर होटल संचालक संजय सनोडिया ने सीसीटीवी फुटेज के साथ शिकायत की थी। साथ ही आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी हर महीने 50 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। एक पुलिस अधिकारी को होटल संचालक ने 20 हजार रुपए देने का दावा भी किया था। सीएम के एक्शन के बाद पूरे प्रकरण की जांच पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।