AI कंपनी एंथ्रोपिक में AI सुरक्षा पर काम करने वाले रिसर्चर ताओ लिन की भविष्यवाणी ने चौंका दिया है। उनका कहना है कि एआई के कारण भविष्य में धरती का हर इंसान बेरोजगार हो सकता है। लोगों को अपना पेट पालने के लिए सरकारी मदद के भरोसे रहना पड़ सकता है। ताओ लिन का यह भी कहना है कि सुपरह्यूमन AI अब सिर्फ 15 महीने दूर है। ताओ लिन की भविष्यवाणी ऐसे समय में सामने आई है जब दुनिया में बड़े पैमाने पर टेक कंपनियां छंटनी कर रही हैं। AI के कारण पहले ही लाखों लोग अपनी जॉब से हाथ धो चुके हैं।


‘खत्म हो जाएगा इंसानों का रोजगार’

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ताओ ने अमेरिकी नॉन-प्रॉफिट संस्था 'पैलिसेड रिसर्च' से बात करते हुए कहा कि इस धरती पर लगभग सभी इंसान काम करने लायक नहीं बचेंगे, क्योंकि एआई उनकी जगह ले लेगा। लोगों को अपना जीवन चलाने के लिए सरकारी मदद के भरोसे जीना पड़ सकता है। सबसे बड़ी चुनौती सुपरह्यूमन एआई लेकर आने वाला है। सुपरह्यूमन एआई उस एआई टूल के लिए कहा जाता है जो हर क्षेत्र में इंसानी एक्सपर्ट की बराबरी कर ले या उनसे आगे निकल जाए। ताओ का आकलन है कि सुपरह्यूमन एआई 15 महीनों में सच हो सकते हैं।
एंथ्रोपिक ने नहीं दिया कोई बयान

एंथ्रोपिक ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है। यह उसके रिसर्चर की भविष्यवाणी है। हालांकि कंपनी के कई सीनियर अधिकारी पहले भी ऐसी आशंकाएं जता चुके हैं। खुद एंथ्रोपिक, एआई की सीमाएं तय करने की बात कह चुकी है। ताओ लिन का यह भी कहना है कि सुपरह्यूमन एआई के आते ही फौरन इंसानों की जॉब नहीं जाएगी। इसमें काफी गैप रहेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि सुपरह्यूमन एआई को दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में लागू होने में समय लगेगा।



2026 में लोगों ने गंवाई नौकरियां

एआई के कारण नौकरी गंवाने के मामले में साल 2026 बहुत खराब साबित हुआ है। इस साल दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों ने अपने यहां छंटनी की है। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों ने हजारों की संख्या में लोगों को निकाला है या उन्हें दूसरे विकल्प देकर बाहर का रास्ता दिखाया गया है। कुछ रिसर्च में यह पता चला है कि एआई के कारण कंपनियों में भर्ती की प्रक्रिया सुस्त हुई है।

बहरहाल, ताओ लिन की भविष्यवाणी एक बड़ा अलर्ट है। भविष्य में लोगों की नौकरी पर अनिश्चितता बढ़ती हुई दिखती है।