श्योपुर: मध्य प्रदेश से एक चीता फिर से राजस्थान पहुंच गया है। बाघों के घर रणथंभौर नेशनल पार्क के किनारे से होते हुए करौली की ओर बढ़ गया है। यह घटना एक नई मिसाल है कि कैसे वन्यजीव चंबल के इलाके का इस्तेमाल दोनों राज्यों के बीच एक प्राकृतिक गलियारे के रूप में कर रहे हैं।
चंबल नदी पार करके राजस्थान पहुंचा
दरअसल, KOMG4 नाम का यह चीता 10 नवंबर को गोटा घाट के पास चंबल नदी पार करके राजस्थान में दाखिल हुआ। बाद में इसे करणपुर रेंज के महाराजपुरा नाका के अंतर्गत आने वाले कनरार्दा इलाके में देखा गया।
करौली जिले की ओर चला गया
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह चीता अब रणथंभौर की सीमा पर करौली जिले की ओर लौट गया है। वह राजस्थान और मध्य प्रदेश के इलाकों में लगातार आगे बढ़ रहा है।
रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने कहा कि KOMG4 अब रणथंभौर की सीमा पार कर चुका है और करौली चला गया है। ऐसा लगाता है कि चीता नदी पार करने के लिए चंबल के उथले और पथरीले हिस्सों का इस्तेमाल कर रहा है।
ट्रैकिंग टीम रख रही है नजर
वहीं, इस चीते की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान वन विभाग और मध्य प्रदेश की चीता ट्रैकिंग टीम लगातार इस पर नजर रख रही है। चीता की यह गतिविधि काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में चीता पुनर्वास कार्यक्रम अब उन जगहों से आगे बढ़ रहा है, जहां चीतों को छोड़ा गया था। ये जानवर अब व्यापक इलाकों को खोजना शुरू कर रहे हैं।
गौरतलब है कि कूनो नेशनल पार्क से निकलकर चीते लगातार राजस्थान में प्रवेश कर जाते हैं। इसकी वजह से ट्रैकिंग दल की परेशानी भी बढ़ जाती है। बीते दिनों करौली में ही ट्रैकिंग दल के साथ मारपीट हुई थी। ज्यादा समय बीतने के बाद चीतों को ट्रैंकुलाइज करके लाया जाता है।