अलमारी से निकले 66 लाख कैश और सोने-चांदी के जेवर, GST अधिकारी मनीष जैन के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
Updated on
28-10-2026 05:12 PM
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार सुबह राज्य जीएसटी विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के बंडा स्थित पैतृक घर और जबलपुर के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। बंडा में डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में पहुंची 20 सदस्यीय टीम को तलाशी के दौरान 66 लाख 8 हजार 10 रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा सोना-चांदी, घरेलू सामान, प्लॉट और मकान से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। टीम बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।
लोकायुक्त की टीम मंगलवार सुबह करीब छह बजे तीन गाड़ियों से बंडा के बरा चौराहा स्थित वार्ड क्रमांक-आठ पहुंची। टीम में डीएसपी के अलावा निरीक्षक, महिला अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। आपात स्थिति के लिए डॉक्टर और एंबुलेंस भी साथ रखी गई थी।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम ने मकान में तलाशी शुरू की। कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों को घर में ही रहने के लिए कहा गया। अधिकारी के भोपाल स्थित ठिकानों पर भी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जानकारी सामने आई है।
नकदी, सोना-चांदी और घरेलू सामान मिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तलाशी में 66 लाख आठ हजार 10 रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा करीब छह लाख रुपये का सोना, दो लाख रुपये की चांदी और लगभग 10 लाख रुपये का घरेलू सामान मिला है। मकान की कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई गई है। मंडी क्षेत्र में एक प्लाट सहित करीब 1,000 वर्गफीट के प्लाटों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एक प्लाट की रजिस्ट्री में सात लाख रुपये की राशि दर्ज होने की जानकारी है। टीम अन्य दस्तावेजों की जांच के साथ बैंक खातों का ब्योरा भी जुटा रही है।
आय और व्यय में करीब 2.74 करोड़ रुपये का अंतर
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार मनीष कुमार जैन की कुल आय एक करोड़ तीन लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि उनका कुल व्यय करीब तीन करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये बताया गया है। इस तरह आय और व्यय के बीच करीब दो करोड़ 74 लाख 52 हजार रुपये का अंतर सामने आया है। हालांकि, संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और आय के स्रोतों का सत्यापन विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
शाहगढ़ से बंडा आकर बसा था परिवार
मनीष जैन का परिवार मूल रूप से छतरपुर जिले के शाहगढ़ का रहने वाला है। उनके दादा जानकी प्रसाद शाहगढ़ में रहते थे। बाद में परिवार बंडा आकर बस गया और यहां दो मंजिला मकान बनाया। मनीष जैन के पिता कोमलचंद जैन के दो बेटे हैं। बड़े बेटे मनीष कुमार जैन जबलपुर में रहते हैं। उनकी पत्नी वहां अधिवक्ता हैं। छोटा बेटा राजेश जैन पहले जूते की दुकान चलाता था। करीब 10 साल पहले उसने बंडा में विद्यासागर मेडिकल स्टोर शुरू किया था। मेडिकल स्टोर से संबंधित जानकारी भी जांच के दायरे में होने की बात सामने आई है।
दिनभर होती रही कार्रवाई की चर्चा
बंडा में सुबह-सुबह लोकायुक्त की टीम पहुंचने और बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की जानकारी के बाद दिनभर लोगों के बीच चर्चा होती रही। टीम अलग-अलग दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद नकदी और अन्य संपत्तियों का अधिकारी की ज्ञात आय से क्या संबंध है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय कुमार लल्लू ने देहरादून में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए. उन्होंने SIR…
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार सुबह राज्य जीएसटी विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के बंडा स्थित पैतृक घर और…
केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक-पे में बढ़ोतरी का असर सिर्फ हर महीने मिलने वाली रकम तक सीमित नहीं रहता. बेसिक-पे जितना अधिक होता है, समय के साथ सालाना इंक्रीमेंट, महंगाई भत्ता…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि खरगे से गलती हुई है…
7 अक्तूबर 2023 के बाद इसराइल में पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं.इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और इसराइली सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट प्रधानमंत्री पद के प्रमुख…
कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आगामी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग – ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो…
दिल्ली के त्रिलोकपुरी में मंगलवार को राहुल गांधी जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए.उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव के साथ सीपीआई (एमएल) के नेता भी मौजूद रहे.इस कार्यक्रम के दौरान…