वेनेज़ुएला में भीषण भूकंप से हज़ारों लोगों के मारे जाने की आशंका, राष्ट्रपति ने क्या बताया
Updated on
25-06-2026 08:01 PM
वेनेज़ुएला की राजधानी कराकास में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो बड़े भूकंप आए. पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि दूसरा 7.5 तीव्रता का था. इस भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और एएफ़पी के अनुसार, वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने कहा है कि बुधवार रात देश में आए भूकंप से मरने वालों की संख्या अब 164 हो गई है.
इस हादसे में अब तक क़रीब एक हज़ार लोगों से घायल होने की भी सूचना है. हालांकि भूकंप से इससे कहीं भारी जनहानि और व्यापक तबाही की आशंका जताई जा रही है.
यूनाइटेड स्टेट्स जीयोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, इस बात की 44% आशंका है कि मृतकों की संख्या 10 हज़ार से ज़्यादा हो सकती है. वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी है.
वेनेज़ुएला में बिजली कटौती की समस्या काफ़ी आम है और भूकंप के बाद प्रभावित इलाक़ों में इंटरनेट कनेक्टिविटी पर भी असर पड़ा है, इसलिए भूकंप से प्रभावित लोगों और इसके असर की जानकारी मिलने में भी काफ़ी परेशानी हो रही है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और हर संभव मदद की पेशकश की है.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका वेनेज़ुएला में "तुरंत खोज और बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता तैनात कर रहा है."
एक्स पर की गई अपनी पोस्ट में रुबियो ने कहा, "हमारी संवेदनाएँ उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, जो घायल हुए हैं, और उन साहसी बचावकर्मियों के साथ हैं जो इस त्रासदी के बाद लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं."
यह बयान उनके उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ के उस वक्तव्य के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका वेनेज़ुएला के अधिकारियों के संपर्क में है और "सहायता जुटाने" की प्रक्रिया में है.
वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ के देश के नाम संबोधन में उनके साथ गृह मंत्री और नेशनल एसेंबली के प्रमुख और उनके भाई जॉर्ज रॉड्रिगेज़ भी मौजूद थे. राष्ट्रपति ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक जनरल को ज़िम्मेदारी सौंपी है.
रॉड्रिगेज़ इसी साल जनवरी से अंतरिम रूप से देश का नेतृत्व कर रही हैं. अपने संबोधन में उन्होंने सबसे पहले वेनेजुएला की जनता से एकजुट रहने की अपील की.
उन्होंने भूकंप में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की, हालांकि मृतकों की संख्या नहीं बताई.
रॉड्रिगेज़ के अनुसार, भूकंप से हुए गंभीर नुकस़ान के कारण वेनेज़ुएला का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है. हवाई अड्डे से सामने आए शुरुआती वीडियो में लोग गलियारों से भागते हुए दिखाई दिए, जबकि भूकंप के झटकों के दौरान छतों से धूल के बड़े गुबार नीचे गिरते नज़र आए.
इस भूकंप में कई इमारतें ढह गई हैं और लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए हैं. गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से अपने घर खाली करने की अपील की है.
भूकंप आने के समय वेनेज़ुएला में राष्ट्रीय अवकाश मनाया जा रहा था, इसलिए कई लोग अपने घरों में मौजूद रहे होंगे. भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे आया.
भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र कराकास के पश्चिम में स्थित मोंटालबान क्षेत्र में था.
वेनेज़ुएला में बुधवार को आए भूकंपों के बाद अब तक 20 से ज़्यादा झटके दर्ज किए जा चुके हैं. समाचार एजेंसी एएफ़पी ने राष्ट्रपति कार्यालय के हवाले से यह जानकारी दी है.
सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़े देश के उत्तरी तटीय क्षेत्रों में हैं, जिनमें ला गुआरिया, अरागुआ, कराबोबो और फाल्कन शामिल हैं.
भूकंप के कुछ घंटों बाद सामने आई तस्वीरों में राजधानी काराकास की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग जमा दिखाई दिए, क्योंकि उनके घरों में तेज़ झटके महसूस हुए और बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई.
कुछ लोग अपने भाई-बहनों और पालतू जानवरों को गले लगाए नज़र आए, जबकि राहतकर्मी मलबे में फँसे लोगों की तलाश में लगातार खोजबीन कर रहे हैं.
वेनेज़ुएला के कई अन्य राज्यों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.
वेनेज़ुएला के गृह मंत्री ने सरकारी टेलीविजन से बातचीत में बताया कि देश के कई राज्य भूकंप से प्रभावित हुए हैं.
उन्होंने वीटीवी से फोन पर बात करते हुए कहा, "सभी संकेत बताते हैं कि इसकी तीव्रता सात से काफी अधिक थी."
उन्होंने कहा, "इसके झटके त्रूजिलो, याराकुई, काराबोबो, अरागुआ, मिरांडा, कराकास और ला गुआइरा में तीव्रता से महसूस किए गए."
उन्होंने आगे बताया कि राजधानी कराकास में पालोस ग्रांदेस और अल्तामीरा इलाके सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. जी-7 समिट के दौरान उन्होंने कहा कि हिज्बुल्लाह से निपटने में सीरिया बेहतर भूमिका निभा…
मध्य पूर्व में फ़रवरी के आख़िर से जारी जंग के ख़त्म होने की उम्मीदें आख़िर अब पूरी होती दिख रही हैं.पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान ने घोषणा की…
फ़ारस की खाड़ी में जंग ख़त्म करने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो गया है. बातचीत की मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक…
पश्चिम एशिया में ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकेबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है.यह अमेरिकी अभियान का पहला ऐसा मामला माना जा रहा है, जिसमें…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर एक अमेरिकी हेलिकॉप्टर को मार गिराया है.इसके बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी कार्रवाई करते हुए हमले…
पिछले कुछ महीनों से पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और होर्मुज संकट ने पूरी दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा पर करारा वार किया है. भारत जैसे देशों के लिए यह स्थिति…