Select Date:

इसराइल के जवाबी हमले के बाद ईरान ने फ़िर से दाग़ी मिसाइलें, ट्रंप की बढ़ी चिंता

Updated on 08-06-2026 10:59 AM
आईडीएफ़ का कहना है कि ईरान ने इसराइल की ओर फिर से मिसाइलें दाग़ी हैं. एक बयान में उसने कहा कि डिफ़ेंस सिस्टम ख़तरे को रोकने के लिए काम कर रहे हैं.

आई़डीएफ़ ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई अलर्ट मिले तो वे सुरक्षित ठिकानों में चले जाएं.

इससे पहले ईरान ने रविवार को इसराइल पर कई मिसाइलें दाग़ी हैं. इसके जवाब में इसराइल ने भी ईरानी ठिकानों पर हमले किए हैं.

इसराइल डिफेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने टेलीग्राम पर लिखा, "कुछ देर पहले, इसराइली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकी शासन के सैन्य ठिकानों पर हमला किया."

इसमें हताहतों या हमलों की सटीक जगह के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने तीन शहरों में धमाकों की ख़बरें दी हैं

सरकारी टीवी ने टेलीग्राम पर पोस्ट किया, "तेहरान, तबरीज़ और इस्फ़हान में कई धमाके सुने गए." ख़बरों के मुताबिक, मध्य शहर कराज के पास भी धमाके सुने गए.

ईरान की स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट है कि मध्य और पश्चिमी ईरान पर इसराइल के हमले में तेहरान के शहरी इलाक़ों को निशाना नहीं बनाया गया है.

तेहरान के फायर डिपार्टमेंट का हवाला देते हुए स्थानीय मीडिया ने बताया कि सोमवार तड़के ईरानी राजधानी के पश्चिमी हिस्सों में कम से कम दो धमाकों की आवाज़ सुनी गई.

सरकारी मीडिया में इस्फ़हान के स्थानीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है. देश के अन्य हिस्सों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.

इस बीच कुछ समय पहले ही इसराइली सेना ने कहा है कि यमन से इसराइल को ओर मिसाइल दाग़ी गई है.

सेना ने कहा कि एयर डिफ़ेंस सिस्टम "ख़तरे को रोकने के लिए काम कर रहे हैं."

'द टाइम्स ऑफ़ इसराइल' की रिपोर्ट के मुताबिक़, यरूशलम, तेल अवीव और मध्य इसराइल के आस-पास के इलाक़ों में चेतावनी वाले सायरन बज रहे हैं.

इससे पहले, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बयान में कहा कि ये हमले एक चेतावनी हैं.

आईआरजीसी ने कहा है कि इससे "पूरे हफ़्ते के लिए लगातार हमलों की शुरुआत" हो रही है.

ईरान की ओर से यह हमला तब हुआ जब रविवार सुबह इसराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया.

बेरूत पर हुए हमलों का ज़िक्र करते हुए आईआरजीसी ने कहा कि अगर इसराइल की ओर से "आक्रामक हरकतें" दोहराई गईं, तो जवाब "और बड़े पैमाने पर" होगा और इसमें इस इलाक़े में मौजूद अमेरिका और इसराइल के "सभी" ठिकाने शामिल हो सकते हैं.

ईरान की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इसराइल पर मिसाइल हमले करने के बाद ईरान ने तेहरान के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने वाली सभी उड़ानों को "अगले आदेश तक" रोक दिया है.

ईरान ने क्या कहा

आईआरजीसी ने बताया कि उसने हाइफ़ा के दक्षिण-पूर्व में स्थित रामत डेविड एयर बेस पर हमला करने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है.

ईरान ने अमेरिका और इसराइल की सरकारों पर उस सीज़फ़ायर (युद्धविराम) के तहत "अपना वादा पूरा न करने" का आरोप भी लगाया, जिस पर ईरान ने इन दोनों देशों के साथ हस्ताक्षर किए थे और जो अप्रैल की शुरुआत में लागू हुआ था.

ईरान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि उसकी सेना ने "कब्ज़े वाले फ़लस्तीनी इलाक़ों" के उत्तर में कई "सैन्य ठिकानों" पर हमला किया है.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि ये हमले अमेरिका, ईरान और इसराइल के बीच अप्रैल में हुए युद्धविराम के "बार-बार उल्लंघन" के बाद किए गए हैं. इन उल्लंघनों में देश के दक्षिण में ईरानी जहाज़ों और ठिकानों पर अमेरिकी हमले भी शामिल हैं.

दोनों पक्षों के बीच 17 अप्रैल से युद्धविराम लागू है - लेकिन यह सिर्फ़ नाम का है. इसराइल और ईरान दोनों ने ही बार-बार इसका उल्लंघन किया है.

अमेरिका ने पिछले हफ़्ते कहा था कि उसने सप्ताहांत में ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जबकि ईरान ने कहा कि उसने जवाब में एक अमेरिकी बेस को निशाना बनाया.

ईरान के विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि देश अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर रहा है. साथ ही चेतावनी दी कि अगर इसराइल लेबनान या ईरान पर कोई हमला करता है, तो उसे "करारा और बड़ा जवाब" दिया जाएगा.

इस बीच, बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों पर इसराइली हमलों के बाद तेहरान में सरकार के समर्थन में लोगों ने प्रदर्शन किया है.

तस्वीरों में दिख रहे कई प्रदर्शनकारी ईरान और हिज़्बुल्लाह के झंडे लिए हुए हैं. हिज़्बुल्लाह लेबनान का एक राजनीतिक और सैन्य संगठन है जिसे ईरान का समर्थन हासिल है.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 08 June 2026
आईडीएफ़ का कहना है कि ईरान ने इसराइल की ओर फिर से मिसाइलें दाग़ी हैं. एक बयान में उसने कहा कि डिफ़ेंस सिस्टम ख़तरे को रोकने के लिए काम कर…
 01 June 2026
पिछले कुछ महीनों से पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और होर्मुज संकट ने पूरी दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा पर करारा वार किया है. भारत जैसे देशों के लिए यह स्थिति…
 27 May 2026
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अब एक नई जंग पर्दे के पीछे शुरू होती दिख रही है. इस बार मामला सीधे वॉशिंगटन और उसके सबसे पुराने…
 26 May 2026
अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी ईरान में नए हमले किए हैं, जिनमें ईरानी मिसाइल ठिकानों और उनके जहाज़ों को निशाना बनाया गया जो समुद्र में बारूदी सुरंगें…
 23 May 2026
यूक्रेन की ओर से हॉस्टल पर हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पुतिन ने रूसी सेना को जवाबी कार्रवाई के तरीकों पर विकल्प तैयार…
 16 May 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के साथ बातचीत में व्यापार और अर्थव्यवस्था मुख्य एजेंडे थे. अमेरिका ने '5B' फॉर्मूला पेश किया, जबकि चीन ने रचनात्मक रणनीतिक और स्थिर संबंध'…
 15 May 2026
ईरान जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी चीन में हैं. पश्चिम एशिया संकट के बीच डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर है. गुरुवार को…
 08 May 2026
अमेरिका और ईरान के बीच फिर एक बार गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक तरफ जहां दोनों देशों के बीच समझौता होने की उम्मीद लग रही थी, वहीं दोनों…
 07 May 2026
अमेरिकी सैन्य विशेषज्ञ जॉन स्पेंसर ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर कहा है कि भारत ने इस संघर्ष में रणनीतिक रूप से बड़ी जीत हासिल की. उन्होंने बताया कि…
Advt.