ऊपर दी गई तस्वीर में, फ़ोटोग्राफ़र मैथ्यू स्मिथ ने फ़ॉकलैंड आइलैंड समूह के सी लायन द्वीप के उथले चट्टानी कुंडों में समुद्र में अपना पहला कदम रखते हुए एक सील के बच्चे को कैद किया है.
दुनिया के महासागरों की सुंदरता के साथ-साथ उनके सामने आने वाली चुनौतियों को दर्शाने वाली नौ और असाधारण तस्वीरें देखने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
साल 2026 में समंदर के अंदर से आईं 10 सबसे शानदार तस्वीरें
इस प्रतियोगिता में जीतने वाली जूलिएन एंटॉन के द्वारा खींची गई तस्वीर में एक वयस्क नर समुद्री घोड़े को दिखाया गया है जिसके सामने एक छोटा बच्चा समुद्री घोड़ा है
ज़्यादातर समुद्री घोड़ों में, नर ही गर्भधारण करते हैं, जन्म देते हैं और बच्चों का पालन-पोषण करते हैं. यह तस्वीर फ्रेंच पोलिनेशिया के मूरेआ के उथले पानी में ली गई थी.
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया तट के पास सैंटा कैटालिना द्वीप के नजदीक ली गई इस तस्वीर में विशालकाय काली समुद्री बास मछली की आंख में कोपेपोड्स नामक छोटे परजीवी क्रस्टेशियन दिखाई दे रहे हैं.
लगभग 50 साल पहले यह मछली इस क्षेत्र में लगभग विलुप्त हो गई थी, लेकिन अब इनकी संख्या में सुधार हो रहा है.
फिलीपींस में एंड्रिया मिशेलुट्टी द्वारा ली गई इस तस्वीर में एक लाल बिच्छू मछली एक छिपकली मछली को जकड़े हुए दिखाई दे रही है.
यह ड्रामैटिक झड़प बिच्छू मछली के चुपके से शिकार करने के व्यवहार और प्रवाल भित्तियों पर जीवित रहने के लिए चल रहे निरंतर संघर्ष को उजागर करती है.