Select Date:

कन्नड़ सिनेमा के 'रॉकिंग स्टार' यश क्यों बने फ़िल्म 'रामायण' के रावण

Updated on 25-10-2026 04:48 PM
इस साल दिवाली के मौक़े पर रणबीर कपूर स्टारर फ़िल्म 'रामायण' रिलीज़ हो रही है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म के बजट से लेकर कास्ट तक की काफ़ी चर्चा है.

फ़िल्म में राम का किरदार बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर निभा रहे हैं और सीता के रूप में साई पल्लवी हैं.

इस कड़ी में एक और नाम काफ़ी चर्चा में है और वो हैं कन्नड़ फ़िल्म अभिनेता यश.

यश इस फ़िल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं वह इसके को-प्रोड्यूसर भी हैं.

फ़िल्म का पहला हिस्सा पाँच नवंबर को रिलीज़ होने वाला है

8 जनवरी 1986 को कर्नाटक के हासन ज़िले में जन्मे यश का असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है.

आज उन्हें उनके असली नाम से कम और 'रॉकिंग स्टार यश' के नाम से ज़्यादा जाना जाता है.

बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि नवीन कुमार गौड़ा कहकर बुलाए जाने पर उनकी क्या प्रतिक्रिया होगी, तो उन्होंने मज़ाक़िया अंदाज़ में कहा था- कौन है ये?

क्योंकि ज़्यादातर लोग उन्हें इस नाम से नहीं जानते हैं.

तो आख़िर एक छोटे शहर से निकलकर कन्नड़ सिनेमा के बड़े सितारों में शामिल होने और अब रावण की भूमिका निभाने तक यश का सफ़र कैसा रहा?

यश का परिवार फ़िल्मों की दुनिया से नहीं था. उनके पिता बस ड्राइवर थे और यश ने अभिनय में करियर बनाने के लिए पढ़ाई के बाद थिएटर और टेलीविज़न से शुरुआत की.

2014 में ज़ी कन्नड़ के कार्यक्रम 'वीकेंड विद रमेश' में बात करते हुए यश बताते हैं कि वो बचपन से ही नाटकों और डांस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया करते थे. बहुत छोटी उम्र से ही उन्हें लोगों की तालियाँ और सीटीयाँ इतनी अच्छी लगने लगीं कि उन्हें इसकी आदत लग गई.

वे कहते हैं, "मेरे शिक्षक जब मुझे 'हीरो' कहकर बुलाते थे तो मुझे बहुत अच्छा लगता था. धीरे-धीरे मेरे मन में हीरो बनने का विचार बैठ गया. तभी मैंने सोच लिया था कि जो भी हो अब मुझे फ़िल्मों में एक्टर ही बनना है."

लेकिन उनकी शुरुआती ज़िंदगी मुश्किल भरी थी. इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता बीएमटीसी (बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम) में ड्राइवर थे और हर रोज़ सिर्फ़ 14 रुपए कमाते थे. परिवार में उनके अलावा उनकी माँ और एक छोटी बहन हैं.

घर की ज़रूरतों की वजह से उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी. उन्होंने घर की एक किराना दुकान चलाने में हाथ बँटाने लगे.

जब उन्होंने फ़िल्म में जाने के अपने फ़ैसले के बारे में घरवालों को बताया, तो वो ख़ुश नहीं थे. उनके पिता चाहते थे कि वो एक सरकारी अधिकारी बनें.

घर से निकले तो सिर्फ़ 300 रुपये थे जेब में
2019 में 'द न्यूज़ मिनट' के साथ इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि फ़िल्मों में अपनी क़िस्मत आज़माने वो अपना घर छोड़ बेंगलुरु भाग आए थे. उस समय उनकी जेब में सिर्फ़ 300 रुपए थे.

इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था, "जब मैं बेंगलुरु पहुँचा, तो वहाँ पहुँचते ही मैं डर गया था. इतना बड़ा शहर! लेकिन मैं हमेशा से ही काफ़ी आत्मविश्वासी रहा हूँ. मुझे संघर्ष करने से डर नहीं लगता था. मुझे पता था कि अगर मैं वापस गया, तो मेरे माता-पिता मुझे दोबारा यहाँ कभी नहीं आने देंगे."

उनके अनुसार, उनके माता-पिता ने उन्हें अल्टीमेटम दिया था कि हीरो के तौर पर अपनी क़िस्मत आज़माने के लिए वो आज़ाद हैं, लेकिन अगर बात नहीं बनी, तो उन्हें वही करना होगा जो वे कहेंगे.

'थिएटर ने मुझे एक अलग इंसान बनाया'
'वीकेंड विद रमेश' में अपने दोस्त नंजुंड के बारे में उन्होंने कहा था, "नंजुंड ने ही मुझे थिएटर से परिचित कराया. पहले मुझे सिर्फ़ पौराणिक नाटकों के बारे में पता था, जिनमें गदा लेकर लड़ने वाले पात्र होते थे. सामाजिक नाटकों के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं थी. थिएटर की दुनिया को मैंने नंजुंड के ज़रिए जाना."

यश ने आगे बताया था, "जब मैं पहली बार 'बेनका' थिएटर समूह से जुड़ा, तो मेरी पूरी दुनिया बदल गई. मुझे लगता है कि थिएटर ने मुझे एक अलग इंसान बनाया और मेरे व्यक्तित्व को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई."

इत्तेफ़ाक़ से मिली थी करियर की पहली बड़ी फ़िल्म
2007 में आई फ़िल्म 'जंबाडा हुडुगी' से सहायक अभिनेता के रूप में यश ने अपना फ़िल्मी डेब्यू किया. इससे पहले वो 'उत्तरायण' और 'नंदा गोकुला' सहित कुछ टीवी शोज़ में काम कर चुके थे.

'नंदा गोकुला' काफ़ी लोकप्रिय टीवी शो रहा और इसी से यश ने काफ़ी पहचान बनाई. इसमें यश और राधिका पंडित की जोड़ी को काफ़ी पसंद किया गया. यह शो वर्ष 2004-2007 के दौरान प्रसारित हुआ.

यश को पहचान दिलाने वाली फिल्म 'मोगिन्ना मनसू' 2008 में आई. 'वीकेंड विद रमेश' में यश ने इस फ़िल्म में उन्हें लिए जाने की एक दिलचस्प कहानी बताई, "फ़िल्म में उस रोल के लिए किसी दूसरे एक्टर को चुना गया था, लेकिन मुहूर्त के समय बाइक से गिरने के कारण उसे चोट लग गई और वह शूटिंग नहीं कर सका. टीम को किसी दूसरे कलाकार की ज़रूरत पड़ी. आख़िरकार मुझे चुना गया."

इस घटना को याद करते हुए इस फ़िल्म के डायरेक्टर शशांक कहते हैं, "मैंने यश को एक धारावाहिक में देखा था. उनका अभिनय मुझे बहुत पसंद आया. जब मैं नए कलाकारों के साथ 'मोगिना मनसु' बनाने लगा, तो इस किरदार के लिए यश का नाम मेरे मन में आया."

वो आगे कहते हैं, "उन्होंने भूमिका को समझने के लिए बहुत मेहनत की थी. हर शॉट से पहले वे पूछते थे कि क्या इसे इस तरह करें या किसी दूसरे तरीक़े से? वे मुझे एक ही दृश्य के कई विकल्प देते थे. उनमें अभिनय के साथ डांस, समर्पण और काम के प्रति सम्मान भी था."

बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म ने अच्छी कमाई की. 'मोगिन्ना मनसू' के लिए यश को बेस्ट सपोर्टिंग ऐक्टर का 'फ़िल्मफ़ेयर' अवॉर्ड भी मिला.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 25 October 2026
इस साल दिवाली के मौक़े पर रणबीर कपूर स्टारर फ़िल्म 'रामायण' रिलीज़ हो रही है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म के बजट से लेकर कास्ट तक की…
 22 October 2026
“हॉरर और कॉमेडी का मेल बहुत दिलचस्प होता है”: अक्षय कुमार1. ‘भूत बंगला’ के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर की तैयारी के बीच, आपके हिसाब से किसी फैंटेसी फिल्म की कहानी में…
 20 October 2026
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर फ़ायरिंग की घटना के बाद एक बार फिर बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड के साये की चर्चा होने लगी है.18 अक्तूबर को मुंबई के जुहू में…
 19 October 2026
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की. मुंबई पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर…
 15 October 2026
मुंबई, अक्टूबर, 2026: फिल्मों और वेब सीरीज में दिखाए गए स्कैम दर्शकों को हमेशा से आकर्षित करते रहे हैं। जामतारा: सबका नंबर आएगा में फोन के जरिए होने वाली ठगी…
 15 October 2026
मुंबई, अक्टूबर, 2026: जब बिल्कुल अलग स्वभाव के दो लोग शादी के बंधन में बंध जाते हैं, तो हँसी, उलझनों और सरप्राइज़ से भरा सफर तय मानिए। प्यार, झूठ और…
 11 October 2026
एक्‍टर और टीवी शो होस्‍ट मनीष पॉल ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। हाल ही गणेश चतुर्थी पर मां बनने के बाद कटरीना कैफ को बढ़े वजन के लिए…
 08 October 2026
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से हिंदी सिनेमा ने एक बेहद प्रतिभाशाली और प्रभावशाली कलाकार खो दिया है। 75 साल की उम्र में नाना ने दुनिया को…
 06 October 2026
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें टॉक्सिक रिलेशन और इकतरफा प्यार का जुनून है। इस रोमांटिक-साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म…
Advt.