यह भारत का अहम हिस्सा': अमेरिकी राजदूत का जम्मू-कश्मीर दौरा, शब्दों के चयन की चर्चा
Updated on
19-08-2026 07:34 PM
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया है और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाक़ात की है.
श्रीनगर में मुलाक़ात के बाद साउथ और सेंट्रल एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत सर्जियो गोर ने पत्रकारों से बातचीत की ओर कहा कि 'यह भारत का अहम हिस्सा है.'
सर्जियो गोर ने यह बात जम्मू-कश्मीर में कही है जिसको लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा से तनाव रहा है. भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता है. वहीं पाकिस्तान इस मामले में संयुक्त राष्ट्र के दख़ल की वकालत करता है.
5 अगस्त 2019 को भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को ख़त्म कर दिया था. राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख़ में बांट दिया था.
हाल ही में ये देखा गया है कि पाकिस्तान की अमेरिका से नज़दीकियां काफ़ी बढ़ी हैं. ईरान और अमेरिका के बीच 60 दिनों का युद्धविराम कराने में पाकिस्तान ने अहम भूमिका निभाई थी.
इस साल जनवरी में सर्जियो गोर ने भारत में अमेरिकी राजदूत का पद संभाला था. इसके बाद से अमेरिकी राजदूत लगातार भारत के कई राज्यों का दौरा कर चुके हैं.
जम्मू-कश्मीर गए सर्जियो गोर ने बुधवार को एक्स पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ तस्वीर शेयर की.
उन्होंने लिखा, "जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मिलने और उनकी प्राथमिकताओं के बारे में और जानने का मौका पाकर बहुत अच्छा लगा. हमने आर्थिक सहयोग को और मज़बूत करने और ऐसे मौके बनाने के तरीकों पर चर्चा की जिनसे दोनों देशों को फ़ायदा हो."
इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की, जिस दौरान उन्होंने कहा, "यहां आकर खुशी हो रही है, जैसा कि आप जानते हैं मैं भारत में अमेरिका का राजदूत हूं. यह भारत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. मैं यहां पर पहली बार आया हूं."
"यह बहुत ही ख़ूबसूरत जगह है. मैं यहां आकर बहुत ख़ुश हूं, इस जगह को देखकर बहुत ख़ुश हूं. हमारी अभी बहुत अच्छी मीटिंग हुई. हमारे कुछ फॉलो-अप्स हैं, इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि हम उन्हें वॉशिंगटन, दिल्ली वापस ले जाएंगे. लेकिन यह बहुत गर्मजोशी भरा, बहुत अच्छा रहा और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं."
अमेरिकी विदेश मंत्रालय अलग-अलग देशों के लिए अपने नागरिकों को ट्रैवल एडवाइज़री जारी करता है.
भारत को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्रालय की लेवल-2 की एडवाइज़री है लेकिन जम्मू-कश्मीर समेत कुछ इलाक़ों के लिए उसने लेवल-4 की एडवाइज़री जारी की हुई है.
अमेरिका ने अपने नागरिकों को कहा है कि वो आतंकवाद और नागरिक अशांति की आशंका की वजह से जम्मू-कश्मीर का दौरा न करें.
सर्जियो गोर ने इस एडवाइज़री को लेकर भी श्रीनगर में पत्रकारों से बात की. उन्होंने कहा, "अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग जारी करता है और हम समय-समय पर उन ट्रैवल वॉर्निंग को फिर से देखते हैं. मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा नहीं कर सकता, लेकिन यह कुछ ऐसा है जिस पर हम गौर करने वाले हैं."
"नई दिल्ली, यहां के मुख्यमंत्री, यहां की सरकार, हमारा मानना है कि इस इलाके को सुरक्षित रखने और इसे और सुरक्षित बनाने के लिए कुछ शानदार कदम उठाए गए हैं. इसलिए, हम देखेंगे कि क्या जो ट्रैवल वॉर्निंग लगाई गई है, जिसकी अमेरिका ने सिफारिश की है, उसे कम किया जाना चाहिए. यह एक खूबसूरत इलाका है, मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर यहां की सुंदरता और मौके को देखकर खुश होंगे."
सर्जियो गोर जब ये बयान दे रहे थे तब उनके साथ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पत्रकारों से बात की. उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच बातचीत आने वाले सालों में और गहरी होगी.
उन्होंने कहा, "यह बहुत अच्छी मीटिंग थी. हमें अपने दोनों देशों के बीच रिश्तों पर बात करने का मौका मिला, लेकिन ख़ासतौर पर इस पर बात की है कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के साथ क्या कर सकता है. ज़ाहिर है, कुछ पुराने मुद्दे हैं जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे, लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं."
"यह बातचीत राजदूत गोर और वॉशिंगटन के बीच, और मेरे और नई दिल्ली में भारत सरकार के बीच होगी. लेकिन हमें बहुत उम्मीद है कि आने वाले सालों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव बढ़ेगा और गहरा होगा."
उमर अब्दुल्ला ने अपने एक्स अकाउंट पर सर्जियो गोर के साथ तस्वीरें शेयर की हैं और लिखा है, "आज श्रीनगर में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर बहुत खुशी हुई. जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच जुड़ाव को बढ़ाने और गहरा करने की संभावनाओं पर हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई, खासकर टूरिज्म, हॉर्टिकल्चर और नई इकॉनमी जैसे क्षेत्रों को लेकर. मैं इस जुड़ाव को जारी रखने और हमारी बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं."
इस मुलाक़ात से पहले सीएम अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा था कि "हमारी समस्याओं का उनसे कोई ख़ास लेना-देना नहीं है. न ये मेरी आदत रही है कि मैं अपनी शिकायत किसी दूसरे मुल्क से करूं. हमारे मसलों का हल वॉशिंगटन को नहीं करना है. हमारे मसलों का हल हमारी केंद्र सरकार को करना है. मुझे लगता है कि ये बहुत गलत बात होगी अगर मैं अपने मुल्क को लेकर कोई शिकायत किसी दूसरे मुल्क के राजदूत से करूंगा."
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया है और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाक़ात की है.श्रीनगर में मुलाक़ात के बाद साउथ और सेंट्रल एशिया के…
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ अपनी बैठक से पहले एक साफ कूटनीतिक दायरा तय किया और अटकलों को शांत करने की कोशिश की.…
आम्रपाली दुबे इन दिनों एक नए रियेलिटी शो को लेकर चर्चा में हैं। भोजपुरी क्वीन इन दिनों पवन सिंह, काजल राघवानी, तेज प्रताप यादव और दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ…
'एक देश, एक चुनाव (ONOE)' का प्रस्ताव संसदीय प्रणाली के कामकाज के तरीके को गलत समझने का नतीजा है। इस प्रस्ताव का मकसद पूरे भारत में राष्ट्रीय और राज्य चुनावों…
RJD के लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया, हालांकि अब उन्हें छोड़ दिया गया है. मार्च को रोकने के लिए डाक बंगला चौराहे…
गाजियाबाद। संपूर्ण भारत में कार्यरत देश की प्रतिष्ठित संस्था समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) ने अपना 2026 का सर्वोच्च पुरस्कार ‘राष्ट्र गौरव’ पुरस्कार देने की घोषणा कर दी है।…