Select Date:

पहले दिखा फिर ग़ायब हुआ, दोबारा दिखा: कनाडा में आँख मिचौली खेलता एक टापू

Updated on 05-09-2026 01:48 PM
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत की एक झील में तैरता हुआ छोटा सा टापू फिर से दिखाई दिया है. शुरुआती खोज के बाद ये टापू ग़ायब हो गया था.

पेड़ों से ढका यह टापू पहली बार अगस्त की शुरुआत में ब्रिटिश कोलंबिया की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील विलिस्टन रिज़र्वायर के बीच में देखा गया था.

कुछ नाविकों ने इसका वीडियो बनाया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

जुलाई के आख़िर में लीग गई एक सैटेलाइट तस्वीर से टापू के मौजूद होने की पुष्टि हुई थी. इसका आकार फुटबॉल मैदान के क़रीब डेढ़ गुने के बराबर है. लेकिन कुछ हफ्तों बाद यह उस जगह से ग़ायब हो गया.

ब्रिटिश कोलंबिया के अधिकारियों का कहना है कि वे अब इसे फिर से किनारे के पास खोजने में कामयाब रहे हैं. हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि यह टापू आया कहां से.

ब्रिटिश कोलंबिया हाइड्रो (पॉवर प्लांट) के प्रवक्ता बॉब गैमर को इस टापू के बारे में पहली बार तब पता चला जब कनाडा के सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हुए थे.

बीसी हाइड्रो सरकार के स्वामित्व वाली बिजली कंपनी है, जो जलाशय और पास के बांध का रखरखाव करती है.

नाविकों द्वारा बनाए गए वीडियो में पेड़ों से ढका ज़मीन का एक हिस्सा पानी में तैरता हुआ दिखाई दे रहा था.

बीसी हाइड्रो के प्रवक्ता बॉब गैमर ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया वीडियो है.

उन्होंने बीबीसी से कहा, "मैंने सोचा कि यह कहीं का भी हो सकता है. शायद यह असली नहीं है."

लेकिन उनकी टीम ने 21 जुलाई की एक सैटेलाइट तस्वीर निकाली, जिससे पुष्टि हुई कि टापू असली था और प्रांत के दूरदराज़ उत्तरी हिस्से में तैर रहा था.

हालांकि, कुछ ही हफ्ते बाद 5 अगस्त को ली गई सैटेलाइट तस्वीर में टापू उस जगह से ग़ायब दिखाई दिया.

इसके ग़ायब होने की ख़बर कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने प्रकाशित की, जिससे दुनियाभर में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी.

गैमर ने कहा, "हमें नहीं पता कि यह कहां चला गया. क्या यह डूब गया? क्या यह किसी दूसरे हिस्से में पहुंच गया?"

गैमर ने बताया कि अब वह इन सवालों का जवाब दे सकते हैं.

उनके मुताबिक़, टापू संभवतः बहते हुए किनारे की ओर चला गया और उस जगह से करीब 30 किलोमीटर दूर जा पहुंचा, जहां पहली बार देखा गया था.

उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि एक नई सैटेलाइट तस्वीर और ऊपर से उड़ान भर रहे पायलटों के दो प्रत्यक्षदर्शी बयानों से हुई.

बीसी हाइड्रो के अनुमान के मुताबिक़, टापू का क्षेत्रफल 9,800 वर्ग मीटर यानी क़रीब एक हेक्टेयर है. यह लगभग एक कनाडाई फ़ुटबॉल मैदान या डेढ़ अमेरिकी फ़ुटबॉल मैदान के बराबर है.

यह भी साफ़ नहीं है कि यह टापू कैसे बना. हालांकि, एक मजबूत संभावना है कि कई सालों में जमा हुई बहकर आई लकड़ियों से यह टापू बना हो.

इन लकड़ियों ने पौधों और पेड़ों की जड़ें जमाने के लिए आधार का काम किया होगा.

गैमर का मानना है कि इस साल गर्मियों में पानी का स्तर बढ़ने के बाद यह जलाशय के किनारे से टूटकर अलग हो गया. इस साल पानी का स्तर 2012 के बाद अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था.

अमेरिका में भी ऐसा ही एक टापू
ऐसे तैरते हुए टापू दूसरी जगहों पर भी देखे गए हैं.

अमेरिका के विस्कॉन्सिन की चिप्पेवा झील में ऐसा ही एक टापू है, जिसे फोर्टी एकर बोग के नाम से जाना जाता है.

कई बार स्थानीय नाविक इस तैरते हुए दलदल को धक्का देकर दूसरी जगह ले जाते हैं, ताकि यह बहकर पास के एक पुल की ओर न चला जाए.

लेक चिप्पेवा फ्लोएज रिजॉर्ट एसोसिएशन के मुताबिक़, इस टापू पर मेंढक और सैलामैंडर समेत कई तरह के जीव रहते हैं. झील और उसके किनारे के बाकी हिस्सों की तरह यह भी विसकॉन्सिन राज्य के क़ानूनों के तहत संरक्षित है.

स्थानीय निवासी चेरिल ट्रेलैंड ने 2024 में विस्कॉन्सिन पब्लिक रेडियो से कहा था कि यह दलदल "हिमखंड जैसा" है.

उन्होंने कहा, "यह पानी की सतह पर तैरते पत्ते जैसा नहीं है."

गैमर ने चेतावनी दी कि ब्रिटिश कोलंबिया का यह टापू कोई स्थिर ढांचा नहीं है. उन्होंने लोगों को इस पर पैर रखने की कोशिश न करने की सलाह दी.

उन्होंने कहा, "यह दूरदराज इलाके में है और ज़्यादातर लोग इसके पास कभी नहीं पहुंचेंगे."

लेकिन जो लोग इसे खोजने के लिए वहां तक जाने का रास्ता और साधन जुटा सकते हैं, उनके लिए उन्होंने चेतावनी दी, "टापू से दूर रहें. यह टूटकर अलग हो सकता है."

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 05 September 2026
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत की एक झील में तैरता हुआ छोटा सा टापू फिर से दिखाई दिया है. शुरुआती खोज के बाद ये टापू ग़ायब हो गया था.पेड़ों से…
 04 September 2026
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान जारी यूरोपीय संघ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि, "यूरोपीय…
 03 September 2026
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने एक ऐसे ख़तरे को उजागर किया है, जो उसकी सीमाओं पर ही नहीं रुकता.भारत और नेपाल हिमालय से निकलने वाली नदियों को साझा करते…
 02 September 2026
नेपाल-तिब्बत सीमा के चीनी हिस्से में ग्यिरोंग में इमारतों के पीछे से एक काली दीवार दिखाई देती है. शुरुआत में यह लगभग काले बादल जैसी दिखती है.फिर यह आकार और…
 01 September 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (1 सितंबर) को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की. उन्होंने इस दौरान कुछ बातें भी की. खास बात यह रही कि पीएम मोदी, जिनपिंग…
 31 August 2026
चीन ने उस कानून को लागू कर दिया है जिसके तहत जंग छिड़ते ही देश की संभी टेक कंपनियों पर सेना का कंट्रोल हो जाएगा। इस कानून को उसकी लंबे…
 30 August 2026
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ने कहा है कि 'अमेरिका और इसराइल के शासक मुस्लिम समुदाय के दुश्मन' हैं.‘यूनिटी वीक’ के मौक़े पर जारी अपने संदेश में मोजतबा ने…
 30 August 2026
आइसलैंड के लोगों ने यूरोपीय यूनियन (ईयू) में शामिल होने के लिए बातचीत दोबारा शुरू करने के सरकार के प्रस्ताव को नकार दिया है.दरअसल, जनमत संग्रह में 52.8 प्रतिशत लोगों…
 30 August 2026
नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से मिलना किसी आम नेता से मुलाकात जैसा बिल्कुल नहीं है. यहां तक कि उनसे मिलने वाले लोगों को पहले करीब एक महीने…
Advt.