PM मोदी के पिता पर विवादित टिप्पणी करके घिरे खरगे, पटना के थाने में शिकायत दर्ज, BJP नेताओं के सामने आए रिएक्शन
Updated on
25-10-2026 11:12 PM
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे हैं। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पटना में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है।
बीजेपी ने क्या कहा?
बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।"
बीजेपी ने कहा, "वैसे, खरगे जी के बयान वाले ख़्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्षा ने दस साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम, तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है। देश की जनता आपका यह ख़्वाब कभी पूरा नहीं होने देगी!"
अमित शाह ने कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।"
शाह ने कहा, "यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।"
शाह ने कहा, "बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।"
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने क्या कहा?
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, "आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।"
नितिन नवीन ने कहा, "राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे…
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ फिर से सुर्ख़ियों में हैं और इसकी वजह है, उनके सहयोगी रहे जस्टिस संजय किशन कौल के दावे.जस्टिस कौल ने अपनी…
राजस्थान के पंचायती राज चुनाव में नागौर जिले के बरण गांव का सरपंच चुनाव राजनीतिक और पारिवारिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है. यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो…
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक और हमले की चेतावनी का जवाब दिया है.राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार ने अमेरिका के फ़्लोरिडा में कहा कि अमेरिका ईरान के…
मूसाखेड़ी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते तीन इमली से पिपल्याहाना के बीच यातायात व्यवस्था बदल दी गई है। निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर सुबह 6 से…
वैश्विक शेयर बाज़ारों में बिकवाली और कच्चे तेल की क़ीमत 117 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँचने के बीच 23 अक्टूबर को सोने और चांदी की क़ीमतों पर दबाव बना रहा.घरेलू…