बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतनराम मांझी को आरक्षित सीटों से इस्तीफ़ा देकर सामान्य सीटों से चुनाव लड़ना चाहिए.
तेजस्वी यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर मीडिया से बातचीत में कहा, "एक बात समझने की ज़रूरत है कि अभी तक आरक्षण को ख़त्म करने वाला कोई पैदा नहीं हुआ है. आप जानते हैं कि तेजस्वी ने आज तक न तो आरक्षण का इस्तेमाल किया और न ही फ़ायदा उठाया. लेकिन चाहे जीतनराम मांझी हों या चिराग पासवान, वे आरक्षित सीटों से चुनाव लड़ते रहे हैं और इस तरह की बातें कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "जो आरक्षण को ख़त्म करना चाहते हैं, उन्हीं के साथ जीतनराम मांझी, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और नीतीश कुमार की पार्टी खड़ी है."
तेजस्वी ने कहा, "आरएसएस और बीजेपी हमेशा से आरक्षण के ख़िलाफ़ रहे हैं. इन लोगों में दम है तो आरक्षित सीटों से इस्तीफ़ा देकर सामान्य सीटों से चुनाव लड़ना चाहिए. ये आरक्षण का फ़ायदा उठाकर सरकार में मंत्री हैं और बाद में बहस भी कर रहे हैं. ये लोग अपने समाज के लिए नहीं बल्कि कुर्सी के लिए हैं."
गौरतलब है कि आरक्षण को हटाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा है. हाल ही में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से मुलाक़ात भी की थी.