सावन बौराया, टूटा सरगी नदी का पुल, ‘कैद’ हुआ गरियाबंद जिले का रवेली गांव
Updated on
26-08-2026 09:54 PM
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लाक के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत रवेली इन दिनों बदहाली और बेबसी से जूझ रहा है। गांव की सबसे बड़ी जीवनरेखा माने जाने वाला सरगी नदी का पुल एक माह से अधिक समय से टूटा हुआ है।
बारिश के कारण नदी में पानी का तेज बहाव है और कई जगह पानी कमर से ऊपर तक पहुंच रहा है। पुल का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन ग्रामीणों के लिए किसी तरह की वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था नहीं होने से पूरा गांव अपने ही क्षेत्र में लगभग कैद होकर रह गया है।
काटना पड़ रहा लंबा चक्कर
बारिश के दौरान सरगी नदी में पानी का बहाव अचानक तेज होने से पुराना पुल बह गया था। इसके बाद से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। जरूरी काम से बाहर निकलने के लिए उन्हें 15 से 20 किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। लोहरसी, भेंडरी, पांडुका, कोपरा, फिंगेश्वर, राजिम, छुरा और गरियाबंद जाने वाले ग्रामीणों को इस समस्या का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों, मरीजों को ज्यादा दिक्कत
आवागमन बाधित होने का असर गांव के हर वर्ग पर पड़ा है। स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है, वहीं मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल तक ले जाना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया है। किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन जब तक नया पुल तैयार नहीं होता, तब तक प्रशासन को सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करनी चाहिए थी।
ग्रामीणों ने खुद बनाया रास्ता
शासन-प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से परेशान ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले खुद ही नदी के बहाव को रोककर पैदल आवागमन का रास्ता बनाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने लकड़ी की सहायता और सीमेंट की बोरियों में रेत भरकर नदी के पानी को रोकने की कोशिश की, ताकि किसी तरह लोगों के आने-जाने का रास्ता बनाया जा सके।
विधायक से मिले, व्यवस्था का मिला आश्वासन
ग्रामीणों अपनी समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से लगातार गुहार लगा रहे हैं। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। विधायक ने ग्रामीणों को आवश्यक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक इसका ठोस असर जमीन पर दिखाई नहीं दिया है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण कर रहे ठेकेदार से भी चर्चा की। ठेकेदार की ओर से पानी कम होने के बाद आवागमन के लिए व्यवस्था बनाने की बात कही गई।
जिला पंचायत सदस्य से भी लगाई गुहार
ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक से भी मुलाकात कर आवागमन सहित अन्य समस्याओं की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार जिला पंचायत सदस्य ने मौके की स्थिति को समझने के साथ विभागीय अधिकारियों, ठेकेदार और कलेक्टर से चर्चा करने की बात कही है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों की पढ़ाई को लेकर है। करीब एक माह से बच्चे लोहरसी स्थित स्कूल तक नियमित रूप से नहीं पहुंच पा रहे हैं।
उपलब्ध कराएं वैकल्पिक मार्ग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों, मरीजों, किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके। मांग करने वालों में मोतीराम, मनहरान, तुलसीराम निषाद, उत्तम घोघरे, श्रवण यादव, रमेश निषाद, गणेश निषाद, द्वारिका यादव, विष्णु निषाद, लक्ष्मण कश्यप, चित्रसेन यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
प्रदेश में आदिवासी अधिकारों और हितों को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप में…
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर मुख्य मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स में शटर तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने बिहार के…
जिले में सेवा शर्तों के तहत कोटवारों को मिली कोटवारी भूमि के विक्रय के मामलों में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिले की छह तहसीलों के…
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लाक के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत रवेली इन दिनों बदहाली और बेबसी से जूझ रहा है। गांव की सबसे बड़ी जीवनरेखा माने जाने वाला…
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति…
'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के 18वें सीजन में छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 23 वर्षीय योगेश साहू ने 50 लाख रुपए की राशि जीती। IIT बॉम्बे के टॉपर रहे योगेश…
चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरैया में अरपा नदी किनारे तिरपाल लगाकर चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने ग्रामीण वेशभूषा में दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया…
उत्तरी झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर…