Select Date:

राहुल गांधी बनाम अमित शाह: सीजेपी के संसद मार्च में क्या पुलिस ने गोली और पैलेट गन चलाई थी?

Updated on 31-07-2026 02:44 PM
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला है.

उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "अमित शाह संसद में आकर विद्यार्थियों पर हुई हिंसा के बारे में बात करने से इतना डर क्यों रहे हैं? इससे तो साफ़ लगता है कि कहीं न कहीं उन्हें अपने किए का डर सता रहा है."

इससे पहले वो लोकसभा में बुधवार को भी अमित शाह पर काफ़ी हमलावर रहे.

राहुल गांधी ने दिल्ली में 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान पुलिस की सख़्ती को लेकर अमित शाह की भूमिका पर कई सवाल उठाए.

उसके बाद बुधवार शाम को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने कहा था, "पहली संभावना यह है कि अमित शाह ने पैलेट गन चलाने और लाठियां बरसाने के आदेश दिए. अगर ऐसा है तो वह दोषी हैं. दूसरी संभावना यह है कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी. अगर ऐसा है तो वह अयोग्य हैं."

इससे पहले पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में कहा था कि मंत्री गोली चलाने का आदेश नहीं देते और प्रदर्शनकारियों पर गोली नहीं चलाई गई थी.

लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि यह समय प्रस्तावित बिल पर चर्चा करने का है, इसलिए गृह मंत्री पर बात न करें. जब राहुल गांधी अपना भाषण दे रहे थे, उस वक्त सदन में न तो गृह मंत्री मौजूद थे और न ही प्रधानमंत्री.

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस दावे को ख़ारिज कर दिया था कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई गई थी. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए केवल आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे.

मोदी सरकार की तरफ़ से जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा कॉकरोच जनता पार्टी के साथ बातचीत में भी शामिल थे.

जितेंद्र सिंह ने सदन में कहा, "सबसे पहली और बुनियादी बात यह है कि जब गोली चली ही नहीं, तो आदेश देने का सवाल ही पैदा नहीं होता." उन्होंने कहा कि केवल आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया था और पुलिस को कार्रवाई का आदेश किसी मंत्री ने नहीं, बल्कि मजिस्ट्रेट ने दिया था.

20 जुलाई को जंतर-मंतर से सीजेपी के आह्वान पर 'संसद चलो' मार्च निकाला गया था. इसमें हज़ारों लोग संसद की ओर बढ़े थे. इस दौरान दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा छात्रों पर बल प्रयोग के वीडियो सामने आए. पुलिस की कार्रवाई के बाद कई लोगों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफ़दरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया.

राहुल गांधी के भाषण से ठीक पहले एक मीडिया रिपोर्ट सामने आई, जिसमें दावा किया गया कि "न सिर्फ़ पुलिस ने इलेक्ट्रिक शॉक बैटन और कथित तौर पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया, बल्कि अब गोली से घायल होने का भी एक मामला सामने आया है."

दरअसल, 27 जुलाई को 'द हिंदू' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि 32 वर्षीय एक महिला, जो 20 जुलाई को दिल्ली में हुए मार्च में शामिल थीं, उन्हें गोली लगी थी.

रिपोर्ट में कहा गया है कि 32 वर्षीय नूतन, जो गुरुग्राम में एक प्राइवेट नौकरी करती हैं, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने आई थीं. 'द हिंदू' की रिपोर्ट के मुताबिक़, उनका कहना है कि उन्हें गोली लगने से चोट आई. उनका यह भी कहना है कि उनका कान कट गया था और उन्हें आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें कई टांके लगे. नूतन अब अपने गृह राज्य झारखंड के रांची शहर में हैं.

नूतन का दावा है कि दो घंटे की सर्जरी के बाद उन्हें सिर्फ़ 15 मिनट में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर इस दावे को ख़ारिज किया.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 31 July 2026
मॉनसून की रफ्तार अगस्त के पहले हफ्ते में और तेज होने वाली है. मौसम विभाग यानी आईएमडी के मुताबिक देश में बारिश की कमी घटकर 14 फीसदी रह गई है,…
 31 July 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला है.उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "अमित शाह संसद में आकर विद्यार्थियों पर…
 31 July 2026
महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों…
 31 July 2026
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा अपडेट आया है. भरत पर गोली चलाने वाले STF जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार पुलिसक्रमी की पहचान अक्षय के रूप…
 30 July 2026
दिल्ली में 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन के इस्तेमाल के लिए जिस तरह से रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, सीआरपीएफ के महानिदेशक…
 30 July 2026
नई दिल्ली, जुलाई, 2026: घर का लोन, बच्चों की पढ़ाई या बिजनेस लोन जैसी बड़ी जिम्मेदारियों के दौरान परिवार की आर्थिक सुरक्षा सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। हर व्यक्ति की…
 30 July 2026
राज्यसभा में पेपर लीक से जुड़े पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सिर्फ सजा और जुर्माना…
 29 July 2026
पहली तिमाही में टर्म प्लान कारोबार में 60.4% की बढ़ोतरी99.3% क्लेम सेटलमेंट रेशियो के साथ कंपनी रही इंडस्ट्री में सबसे आगेशुद्ध मुनाफा 27.8% बढ़कर 386 करोड़ रुपए पहुँचामुंबई, जुलाई, 2026:…
 28 July 2026
दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है. सुबह से आसमान में काले बादल…
Advt.